राजगढ़ के युवक गंगाराम योगी की साउथ अफ्रीका में हार्ट अटैक से मौत, शव भारत लाने की मांग तेज…
अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के धमरेड गांव निवासी गंगाराम योगी की साउथ अफ्रीका में हार्ट अटैक से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। गंगाराम रोजगार की तलाश में 15 अगस्त 2025 को साउथ अफ्रीका के जामिया लुसाका खान में काम करने गए थे।
बताया जा रहा है कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन लगातार साउथ अफ्रीका से गंगाराम का शव भारत लाने की मांग कर रहे हैं। इसी सिलसिले में परिजन मिनी सचिवालय पहुंचे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भारत सरकार से शव को जल्द भारत लाने की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, गंगाराम को अजमेर के किशनगढ़ निवासी एक ठेकेदार कंपनी के खर्च पर काम के लिए साउथ अफ्रीका लेकर गया था। अब परिवार प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है, ताकि जल्द से जल्द बेटे का पार्थिव शरीर स्वदेश लाया जा सके।