अलवर में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर उग्र विरोध, पोस्टर पर ‘बॉयकॉट’ लिखकर प्रदर्शन; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन…
अलवर में हाल ही में रिलीज़ होने जा रही फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विरोध तेज हो गया है। गुरुवार को यादव महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग मिनी सचिवालय के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में फिल्म के पोस्टर लेकर उन पर ‘बॉयकॉट’ लिखकर विरोध जताया और जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर में दिखाए गए कुछ संवाद और दृश्य यादव समाज की भावनाओं को आहत करते हैं और इससे धार्मिक व सामाजिक तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उनका कहना है कि “यादव” जैसे गौरवपूर्ण नाम का उपयोग संवेदनशील और काल्पनिक विषयों के साथ कर समाज की छवि को ठेस पहुंचाई जा रही है।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने, आपत्तिजनक अंश हटाने और निर्माताओं के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यादव समाज का देश के लिए गौरवपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने रेजांग ला का युद्ध का हवाला देते हुए कहा कि यादव समाज के 114 अहीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। प्रतिनिधियों का आरोप है कि जब वीरता और बलिदान की बात आती है, तब फिल्मों में समाज के नाम को नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन जब सस्ते मनोरंजन और काल्पनिक प्रेम कहानियां गढ़ी जाती हैं, तब “यादव” नाम का इस्तेमाल किया जाता है, जो समाज के इतिहास और आने वाली पीढ़ियों के सम्मान के साथ अन्याय है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि फिल्म रिलीज़ की गई तो वे क्षेत्र के सिनेमाघरों में इसके प्रदर्शन का विरोध करेंगे।