अलवर में 40 वर्षीय महिला ने सल्फास खाकर की आत्महत्या, लंबे समय से अवसाद में थी मृतका…
अलवर सदर थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर में एक 40 वर्षीय महिला द्वारा सल्फास का सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान केसरपुर निवासी आशा मीणा के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आशा मीणा का विवाह करीब 20 वर्ष पूर्व अलवर शहर की मीणा पाड़ी निवासी घनश्याम मीणा से हुआ था। शादी के बाद से ही पति शराब का आदी था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। घरेलू कलह से परेशान होकर आशा शादी के लगभग एक वर्ष बाद अपने पीहर केसरपुर आकर रहने लगी थी और तब से वहीं रह रही थी।
करीब एक वर्ष पूर्व उसके पति घनश्याम मीणा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद आशा गहरे मानसिक अवसाद में चली गई थी, जिसका इलाज भी चल रहा था। सोमवार को वह उपचार के लिए जिला अस्पताल आई थी। इसी दौरान उसने कहीं से सल्फास की दवा खरीदकर उसका सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई नरेंद्र मीणा ने बताया कि उनके पिता धनपाल मीणा दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में कार्यरत हैं और आशा लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रही थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।