अलवर : शादी के तीन साल बाद खुला राज, युवक की असल पहचान सामने आई ,दूसरे धर्म का निकला पति
अलवर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक महिला की दोस्ती सोशल मीडिया पर राहुल नाम के युवक से हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों ने तीन साल पहले शादी कर ली। लेकिन हाल ही में महिला के पैरों तले जमीन तब खिसक गई जब उसे पता चला कि उसका पति राहुल हिन्दू नहीं बल्कि मुस्लिम परिवार से है और उसका असली नाम आज़म दीन है। इतना ही नहीं—आज़म दीन पहले से शादीशुदा भी निकला।
यह मामला सामने आने पर पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आज़म दीन और उसके भाई ने महिला के साथ मारपीट की। डर और धमकी से परेशान महिला ने कंट्रोल रूम में कॉल कर सुरक्षा की मांग की। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के पति आज़म दीन व उसके भाई को बीएनएस धारा 170 के तहत थाने लेकर आई।
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंहल , विजेंद्र खंडेलवाल भी सदर थाने पहुंचे। उन्होंने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सदर थाना एसएचओ विजय चंदेल ने बताया कि शालु शर्मा ने कंट्रोल रूम पर फोन कर पति और देवर के मारपीट करने की शिकायत दी थी, जिसके बाद आज़म दीन और उसके भाई को थाने लाया गया है।
एसएचओ के अनुसार, महिला ने लिखित में कोई कार्रवाई नहीं करने का निवेदन भी दिया है। फिर भी, वह जो भी रिपोर्ट देगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।