अलवर : शादी के अगले दिन दूल्हे की संदिग्ध हालात में मौत, खुशियों का माहौल मातम में बदला
अलवर शहर के शिवाजी पार्क निवासी आदित्य जाटव (वर्मा), जो मैसूरी स्थित डीआरडीओ में ज्वाइंट डायरेक्टर थे, उनकी शादी के अगले ही दिन अचानक मौत हो जाने से परिवार में खुशी से मातम पसर गया। 25 नवंबर को पुलिस कॉन्स्टेबल श्याम सिंह की बेटी निव्या के साथ धूमधाम से हुई शादी के बाद 26 नवंबर की सुबह तक घर में रिश्तेदारों की भीड़, हंसी-खुशी और शादी के गीत गूंज रहे थे। लेकिन दोपहर होते-होते माहौल पूरी तरह बदल गया।
बाथरूम में अचानक गिरने से हुई मौत
शादी के दूसरे दिन दोपहर करीब आदित्य अचानक बाथरूम में गिर पड़े। परिवार वालों ने तुरंत उन्हें उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती अनुमान साइलेंट हार्ट अटैक का लगाया जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
पति की अचानक मौत की खबर मिलते ही नई नवेली दुल्हन निव्या बेसुध हो गई। परिवार ने बहुत समझाया, लेकिन वह अपने पति आदित्य का नाम लेकर बार-बार रोती रही। हाथों की मेहंदी का रंग भी फीका नहीं हुआ था कि उसका सुहाग उजड़ गया। परिवार के लोग उसे संभालते नहीं संभल रहे थे।
आदित्य के पिता नंद किशोर रिटायर्ड प्रिंसिपल हैं और बड़ा भाई आईओसीएल में मैनेजर है। घटना की सूचना मिलने पर शिवाजी पार्क थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। सहायक उप निरीक्षक समयदिन खान ने बताया कि पोस्टमॉर्टम कराया गया है और दोनों परिवारों ने किसी भी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है संभावना साइलेंट अटैक की बताई जा रही है ।
परिजन सदमे में, दुल्हन के दादा दुलीचंद ने कहा—
“शादी को दो दिन ही हुए थे… किसे पता था कि इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी। पूरी तरह विश्वास ही नहीं हो रहा।”
यह दर्दनाक घटना पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल गई है। विवेचना पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।