#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर #हेल्थ न्यूज़

रूस में अलवर के छात्र का मिला शव, 19 दिन से था लापता — परिवार में मचा कोहराम…

राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। कफनवाड़ा गांव के 22 वर्षीय अजीत चौधरी का शव रूस के उफा शहर में व्हाइट रिवर डैम के पास मिला है। अजीत वहां बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था और 19 अक्टूबर से लापता था।

अजीत के दोस्तों ने शव की पहचान की है। जानकारी के अनुसार, अजीत आखिरी बार 19 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे हॉस्टल से निकला था। उसने दोस्तों से कहा था कि वह दूध लेने जा रहा है और थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन उसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने बताया कि अजीत को डॉक्टर बनाने के सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने तीन बीघा जमीन बेचकर उसे रूस भेजा था। अब उसके शव मिलने की खबर से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।

सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर और भाजपा नेता बन्नाराम मीना ने बताया कि रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने परिवार को जानकारी दी है कि अजीत का शव बरामद कर लिया गया है। फिलहाल, रूस में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिन में शव भारत पहुंच जाएगा।

इस घटना के बाद अलवर के जाट छात्रावास में समाज के लोगों की एक बैठक भी हुई, जिसमें रूस प्रशासन पर अजीत की खोज में लापरवाही के आरोप लगाए गए। साथ ही, शव को जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की गई।

अजीत की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। पिता और दादा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं और सरकार से इस मामले की पूरी जांच की मांग कर रहे हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *