अलवर एसएसबी भर्ती प्रशिक्षण केंद्र में भव्य दीक्षांत परेड, 365 नव आरक्षी हुए बल में शामिल
अलवर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) भर्ती प्रशिक्षण केंद्र में दसवें एवं ग्यारहवें बैच (बी.आर.टी.सी.) की दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया। यह गरिमामय परेड उप महानिरीक्षक संजीव यादव के कुशल नेतृत्व में अनुशासन, समर्पण और सैन्य गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कार्यक्रम में भव्य बैंड प्रदर्शन, योग प्रदर्शन, टैटू ड्रिल तथा सैन्य कौशल पर आधारित साहसिक एवं अनुशासित प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नव आरक्षियों की शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन, अनुशासन एवं युद्धक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला।
दीक्षांत परेड की कमान नव आरक्षी शिवानी भट्ट ने संभाली। इस परेड में कुल 365 नव आरक्षियों, जिनमें 34 महिला नव आरक्षी शामिल थीं, ने सहभागिता की। सभी नव आरक्षियों ने अनुकरणीय अनुशासन, आत्मविश्वास एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने परेड एवं प्रदर्शनों की सराहना करते हुए नव आरक्षियों को राष्ट्र सेवा के मार्ग पर निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
परेड के उपरांत राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU), गांधीनगर द्वारा नव आरक्षियों को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनके प्रशिक्षण को शैक्षणिक मान्यता एवं संस्थागत मानक प्राप्त हुए।
यह दीक्षांत परेड नव आरक्षियों के कठोर, अनुशासित एवं समर्पित प्रशिक्षण की सफल पूर्णता का प्रतीक रही, जिसके साथ वे सशस्त्र सीमा बल की गौरवशाली परंपराओं, मूल्यों एवं राष्ट्र सेवा के दायित्वों के निर्वहन हेतु औपचारिक रूप से बल का अभिन्न अंग बने।