शेयर मार्केट निवेश के नाम पर युवती से लाखों की ठगी, शिवाजी पार्क थाने में मामला दर्ज…
शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के जरिए शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर एक युवती से लाखों रुपये की ठगी की गई है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने शिवाजी पार्क थाने में दी शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री की पहचान फेसबुक के माध्यम से लोकेश कुमार सक्सेना उर्फ लोकेन्द्र नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को आगरा निवासी बताया और यह दावा किया कि वह आईएफएस की ट्रेनिंग ले रहा है तथा शेयर मार्केट में काम करता है।
आरोपी ने युवती को शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में युवती ने निवेश से इनकार किया, लेकिन आरोपी के लगातार संपर्क और भरोसा दिलाने पर उसने अपने पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज उसे भेज दिए।
शिकायत के अनुसार 24 जून 2025 से आरोपी ने अलग-अलग तारीखों में खाता खुलवाने और निवेश के नाम पर युवती से पैसे मंगवाने शुरू किए। धीरे-धीरे ठगी की रकम लाखों रुपये तक पहुंच गई। आरोपी हर बार फर्जी शेयर अकाउंट और मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर युवती को भरोसे में लेता रहा।
जब युवती ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में कॉल उठाना भी बंद कर दिया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी द्वारा उपयोग किया गया बैंक खाता कोटक महिंद्रा बैंक की आगरा शाखा का बताया जा रहा है।
फिलहाल शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से बैंक खातों व डिजिटल लेन-देन की जांच की जा रही है