अलवर में संत रविदास जयंती पर भव्य शोभायात्रा, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और वन राज्यमंत्री संजय शर्मा हुए शामिल
अलवर, 1 फरवरी
उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रदेशवासियों को संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु रविदास का जीवन और उनके उपदेश समाज को प्रेम, सौहार्द, समानता, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास का मानना था कि समाज तभी आगे बढ़ेगा जब अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति आगे बढ़ेगा। इसी सोच के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण तथा अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास का विचार “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी आत्मशुद्धि, सेवा और सामाजिक एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। संत रविदास ने मानवतावादी मूल्यों की नींव रखी, इसलिए उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और वे संपूर्ण मानवता के लिए एक प्रकाश स्तंभ के रूप में पूजनीय हैं। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां लोभ, लालच और भेदभाव का कोई स्थान न हो। उनके आदर्शों को अपनाकर समरस, सशक्त और संवेदनशील समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास को स्मरण करते हुए कहा कि वे महान संत और समाज सुधारक थे, जिन्होंने सामाजिक असमानता को दूर करने, समरसता को बढ़ावा देने और शिक्षा के महत्व पर बल दिया। उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज को एकसूत्र में पिरोने का कार्य किया और मानवता व सामाजिक एकता का संदेश दिया, जिस पर चलकर देश और समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जयराम जाटव, पार्षद देवेन्द्र रसगनिया और जाटव समाज गंगा मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष पूरणचंद अलवरिया ने संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अलवर शहर विधायक एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा द्वारा दलित बस्तियों में पेयजल, सामुदायिक भवन और सड़कों के निर्माण जैसे कार्य प्राथमिकता से कराने पर आभार जताया। साथ ही कार्यक्रम में आए सभी आगंतुकों का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जयराम जाटव, पार्षद देवेन्द्र रसगनिया, जाटव समाज गंगा मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष पूरणचंद अलवरिया, मदनलाल चिरानिया, सोहनलाल सुलानिया, अशोक वर्मा, सरिता राज, भगवानदास सुलानिया सहित अनेक प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।