#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

शादी में जा रहे परिवार से रोडवेज बस में 30 लाख के जेवर चोरी, दो महिलाओं पर शक…

अलवर। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार का जेवरात से भरा बैग रोडवेज बस में चोरी हो गया। पीड़ित ने करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही है।

पीड़ित पंकज निवासी रेणी अपनी पत्नी और भाभी के साथ कोठी नारायणपुर से अलवर के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ था। परिवार के पास एक बड़ा बैग था, जिसके भीतर एक छोटा बैग रखा हुआ था। इसी छोटे बैग में पत्नी और भाभी के शादी के जेवरात रखे गए थे। बस में अत्यधिक भीड़ होने के कारण बड़ा बैग कंडक्टर की सीट के नीचे रख दिया गया, जबकि तीनों पास ही खड़े रहे।

इसी दौरान बस में दो संदिग्ध महिलाएं चढ़ीं। आरोप है कि उन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर बड़े बैग के अंदर से जेवरों से भरा छोटा बैग निकाल लिया और अलवर शहर के कालीमोरी क्षेत्र में उतरकर फरार हो गईं।

जब परिवार अलवर बस स्टैंड पर उतरा और बच्चों के लिए सामान निकालने हेतु बैग खोला, तब जेवरों वाला छोटा बैग गायब मिला। कंडक्टर से पूछताछ की गई, लेकिन किसी को यह पता नहीं चल सका कि बैग कब और किसने निकाला।

पीड़ित के अनुसार चोरी हुए बैग में चार सोने के हार, छह सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी झुमकी, तीन जोड़ी पाजेब, लोंग और चुटकी सहित करीब 18 तोला सोना और लगभग 700 ग्राम चांदी रखी हुई थी।

घटना के बाद पीड़ित पहले कोठी नारायणपुर चौकी पहुंचा, जहां से उसे अलवर शहर के कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और संदिग्ध महिलाओं की पहचान के प्रयास जारी हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *