अलवर पुलिस एक्शन मोड में: शाम 6 से 9 बजे तक एसपी के नेतृत्व में शहरभर में पैदल मार्च, अपराधियों में खौफ…
अलवर में लगातार बढ़ रही लूट और आपराधिक वारदातों के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख़्त हो गया है। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (IPS) के नेतृत्व में सोमवार शाम 6 बजे से 9 बजे तक शहर के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक पैदल मार्च निकाला गया। इस मार्च में एडिशनल एसपी शरण कांबले, पुलिस लाइन का पूरा जाप्ता, थानों के अधिकारी और QRT टीम शामिल रही।
पैदल मार्च की शुरुआत कोतवाली थाना क्षेत्र से की गई, जहां से पुलिस ने मुख्य बाज़ार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का दौरा किया। इसके बाद टीम N.E.B थाना क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने रास्ते में स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी चिंताओं और सुझावों को भी सुना।
एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि DG के निर्देश पर पूरे प्रदेश में जिला पुलिस प्रमुखों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त करने के आदेश दिए गए हैं, जिससे अपराधियों में भय पैदा हो और आमजन को सुरक्षा का भरोसा मिल सके। हाल ही में अलवर शहर में हुई लूट की घटना पर उन्होंने कहा कि पुलिस तेजी से आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस अब और कड़ाई से काम करेगी। आने वाले दिनों में नियमित पैदल मार्च, रात्रिकालीन गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके और शहरवासियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।