अलवर: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पीहर पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप…
अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नाखनोल में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय उषा बाई औड राजपूत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से डाबरी गांव, थाना नौगांवा की निवासी थी। जानकारी के अनुसार, उषा का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व नाखनोल निवासी रंजीत से हुआ था।
पीहर पक्ष का आरोप है कि पति रंजीत बेरोजगार था और शराब के नशे में अक्सर उषा के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता रहता था। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चल रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण ही उषा की मौत हुई है, जिसे वे हत्या मान रहे हैं।
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, ससुराल के पास रहने वाले पड़ोसियों ने सूचना दी कि उषा कुएं में गिर गई है। सूचना मिलने पर पीहर पक्ष मौके पर पहुंचा और गंभीर अवस्था में उषा को अलवर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराने का प्रयास किया गया। तीन निजी अस्पतालों में दिखाने के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर कर दिया। हालांकि, जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उषा की मौत हो गई।
बताया गया है कि मृतका के पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं। सूचना मिलते ही वे वहां से रवाना हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।