अलवर नगर निगम की अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, चेतावनी– कल से जारी होंगे चालान
शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर लगाम कसने के लिए नगर निगम अलवर की टीम ने शुक्रवार को एक बार फिर बाजारों में अभियान चलाया। निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका स्वयं दस्ते के साथ चूड़ी मार्केट और होप सर्कस क्षेत्र पहुंचे, जहां टीम ने सड़क और दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कई व्यापारियों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि उन्होंने दुकान के सामने सीमित स्थान तक सामान रखने की अनुमति ली हुई है और वे किसी प्रकार का नियम उल्लंघन नहीं कर रहे हैं। इस पर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी परमिशन में सड़क पर कब्जा करने या यातायात में बाधा उत्पन्न करने का अधिकार नहीं दिया जाता।
नगर निगम अधिकारी निशा लखानी ने बताया कि शहर में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ रही है। निगम द्वारा लोगों को समझाने, नोटिस देने और बार-बार चेतावनी के बावजूद कई व्यापारी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अब भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कल से सख्त चालान कार्रवाई शुरू की जाएगी।
निगम का यह अभियान शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुचारू यातायात व्यवस्था से लैस करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि व्यापारी निगम की अपील का सम्मान करेंगे, जिससे शहर की सुंदरता और व्यवस्था दोनों बनी रहेंगी।