मुंगस्का जनता कॉलोनी में 200 मीटर सड़क के लिए प्रदर्शन, निगम–यूआईटी पर जिम्मेदारी टालने का आरोप…
सड़क की मांग को लेकर नगर निगम पहुंचे कॉलोनीवासी
अलवर शहर की मुंगस्का जनता कॉलोनी में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण को लेकर गुरुवार को कॉलोनीवासियों का सब्र जवाब दे गया। परेशान लोगों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की।
नगर निगम और यूआईटी पर लापरवाही के आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर निगम और शहरी सुधार न्यास (यूआईटी) दोनों पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब वे सड़क निर्माण की शिकायत नगर निगम में करते हैं तो उन्हें यूआईटी भेज दिया जाता है, जबकि यूआईटी में जाने पर दोबारा नगर निगम का हवाला देकर लौटा दिया जाता है।
चारों ओर सड़कें बनीं, 200 मीटर रास्ता अब भी अधूरा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कॉलोनी के आसपास की सभी सड़कें बन चुकी हैं, लेकिन जनता कॉलोनी का करीब 200 मीटर का हिस्सा आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। इसी छोटे से हिस्से के कारण पूरी कॉलोनी को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में हालात बद से बदतर
कॉलोनीवासी और आर्मी से सेवानिवृत्त कैप्टन प्रदीप सिंह ने बताया कि हल्की बारिश में ही सड़क की हालत बेहद खराब हो जाती है। कीचड़ और पानी भरने से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है और बुजुर्गों व महिलाओं का घर से बाहर निकलना तक दूभर हो जाता है।
रिटायर्ड आर्मी जवान भी परेशान
उन्होंने बताया कि कॉलोनी में करीब 15 आर्मी से रिटायर्ड जवान अपने परिवारों के साथ रहते हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण लोगों में निराशा बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि कुछ परिवार मजबूरी में अपने मकान बेचने तक की सोच रहे हैं।
शहर में रहकर भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित
कॉलोनीवासियों का कहना है कि शहर की सीमा में होने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब केवल 200 मीटर की सड़क वर्षों में नहीं बन पाई, तो प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा कैसे किया जाए।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि विभागीय विवाद को खत्म कर तत्काल सड़क निर्माण कराया जाए। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।