STVNEWS RAJASTHANअलवर से पूरे राजस्थान तकशनिवार, 28 नवंबर 2026LIVE TVEnglishEN

अलवर में पंचायत समितियों की सत्ता का महासंग्राम: 7 जगह कांग्रेस मजबूत, निर्दलीयों के सहारे भाजपा की रणनीति

अलवर जिले में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को होने वाला मतदान तय करेगा कि ग्रामीण राजनीति में किस दल का दबदबा रहेगा। चुनाव परिणामों के मुताबिक कांग्रेस सात पंचायत समितियों में बहुमत का दावा कर रही है। वहीं भाजपा उन समितियों में भी सत्ता हासिल करने की कोशिश में जुटी है, जहां उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। थानागाजी, उमरैण, लक्ष्मणगढ़ और कठूमर जैसी पंचायत समितियों में निर्दलीय सदस्य निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में प्रधान चुनाव में राजनीतिक जोड़-तोड़ और रणनीति का असर साफ दिखाई दे रहा है।

मुख्य बातें

  • कांग्रेस ने सात पंचायत समितियों में बहुमत हासिल करने का दावा किया है।
  • भाजपा किसी भी पंचायत समिति में अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंची।
  • थानागाजी, उमरैण और लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीय सदस्यों की भूमिका अहम है।

ALWAR,27 NOV. 2026:

सात पंचायत समितियों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत*

जिले की सात पंचायत समितियों में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर प्रधान पद के लिए अपनी राह काफी हद तक आसान कर ली है। गोविंदगढ़ में 15 में से 8, रामगढ़ में 17 में से 10, मालाखेड़ा में 15 में से 10, कठूमर में 23 में से 12, खेरली-सेवर में 15 में से 12, राजगढ़ में 23 में से 12 और रैणी में 27 में से 16 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।इन आंकड़ों के लिहाज से इन पंचायत समितियों में कांग्रेस का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है। हालांकि कठूमर की राजनीति सबसे ज्यादा पेचीदा बनी हुई है। यहां 23 में से 12 सीटें जीतने के बावजूद कांग्रेस के लिए प्रधान की राह पूरी तरह आसान नहीं मानी जा रही। भाजपा ने यहां एक वार्ड में जीत दर्ज की है, जबकि 10 निर्दलीय सदस्यों की भूमिका पूरे चुनाव का रुख बदल सकती है।कठूमर में विधायक रमेश खींची के साथ गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की सक्रियता भी राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना रही है। ऐसे में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद यहां मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

*थानागाजी और मालाखेड़ा में भाजपा की नजर प्रधान की कुर्सी पर*

थानागाजी और मालाखेड़ा पंचायत समितियों में भाजपा ने सत्ता हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। थानागाजी में 21 में से भाजपा ने 10 सीटें जीती हैं, जबकि मालाखेड़ा में 23 में से भाजपा को महज 5 सीटें मिली हैं। इसके बावजूद भाजपा दोनों जगह प्रधान बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।थानागाजी में भाजपा को 10 निर्दलीय सदस्यों में से चार के समर्थन की उम्मीद है। वहीं मालाखेड़ा में 14 निर्दलीय सदस्य चुनावी समीकरणों को उलझाए हुए हैं। ये निर्दलीय सदस्य तीन अलग-अलग खेमों में बंटे हुए बताए जा रहे हैं। कांग्रेस यहां चार वार्ड जीतने में सफल रही है। ऐसे में निर्दलीयों का समर्थन हासिल करना दोनों दलों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

*उमरैण और लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीय तय करेंगे सियासी भविष्य*

उमरैण और लक्ष्मणगढ़ पंचायत समितियों में भी मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। उमरैण में कुल 25 वार्डों में भाजपा को 6, कांग्रेस को 9 और निर्दलीयों को 10 सीटों पर जीत मिली है। यहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। भाजपा की ओर से प्रेम पटेल पटेल दावेदार बताए जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस खेमे में जाहिदा, शाहबुद्दीन और वारिसा के नामों पर दावेदारी सामने आ रही है। टिकट और समर्थन को लेकर नाराज सदस्य क्रॉस वोटिंग भी कर सकते हैं, जिससे मुकाबले में आखिरी समय तक अनिश्चितता बनी हुई है।इसी तरह लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के 17 वार्डों में भाजपा को 2, कांग्रेस को 6 और निर्दलीयों को 9 सीटें मिली हैं। यहां भी प्रधान की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता निर्दलीयों के समर्थन से ही होकर गुजरता दिखाई दे रहा है।

*आज खुलेगा सत्ता का ताला*

कुल मिलाकर अलवर जिले की पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव केवल बहुमत का गणित नहीं, बल्कि राजनीतिक रणनीति, व्यक्तिगत प्रभाव और निर्दलीयों को साधने की क्षमता की परीक्षा बन गया है। कांग्रेस सात पंचायत समितियों में बहुमत के दम पर मजबूत स्थिति में है, वहीं भाजपा उन पंचायत समितियों में भी सत्ता की उम्मीद लगाए बैठी है, जहां उसके पास संख्या बल कम है।अब निगाहें आज होने वाले मतदान पर टिकी हैं। देखना होगा कि कांग्रेस अपने स्पष्ट बहुमत को प्रधान की कुर्सी में बदल पाती है या भाजपा निर्दलीयों के सहारे कुछ पंचायत समितियों में सियासी खेल पलटने में कामयाब होती है। फिलहाल जिले की पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी को लेकर शह-मात का खेल अपने चरम पर है।

इस खबर को शेयर करें

इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं

Google पर STV की खबरें ज़्यादा देखें

STV को अपना पसंदीदा स्रोत चुनें।