#देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर–जयपुर रोड पर आबादी में घुसा मगरमच्छ, वन विभाग ने समय रहते किया रेस्क्यू…

अलवर–जयपुर सड़क मार्ग पर अलवर के भर्तहरि तिराहे के पास पुलिया के नजदीक एक मगरमच्छ रास्ता भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवक और बच्चे जमा हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग मगरमच्छ की फोटो-वीडियो बनाने और सोशल मीडिया के लिए रील शूट करने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में लेने की कार्रवाई शुरू की। रेस्क्यू के दौरान कुछ लोगों ने प्लास्टिक की रस्सी से उसके मुंह को बांधने और डंडे का फंदा बनाकर पकड़ने की कोशिश भी की, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया।

काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर जंगल की ओर छोड़ दिया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में भीड़ न जुटाएं और खुद से पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *