अलवर: शादी में डांस फ्लोर पर फायरिंग से मासूम वीरा की मौत, दूल्हा सहित कई आरोपी फरार ,पुलिस ने तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए पकड़ा…
अलवर के खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान की गई लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। डीजे पर नाचते समय हुई हवाई फायरिंग में गांव की 9 वर्षीय वीरा के सिर में गोली लग गई। घायल बच्ची को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक वीरा के पिता सतपाल मीणा ने बताया कि उनके दोस्त राहुल जाट की शादी के लिए सोमवार को घर पर ‘बान’ का कार्यक्रम रखा गया था। दिनभर रस्में चलने के बाद रात को सभी लोग दूल्हे के घर पहुंचे। वहां डीजे पर 8–10 युवक नाचते समय लगातार फायरिंग कर रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन किसी ने बात नहीं मानी।
इसी दौरान चली एक गोली वीरा के सिर में जा लगी। शुरुआत में परिजनों को कहा गया कि बच्ची गिर गई है, लेकिन एक्सरे में पता चला कि उसके सिर में गोली फंसी है।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजन पहले वीरा को नीमराना अस्पताल ले गए, फिर उसे जयपुर एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। जहां रात करीब 3:45 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम में भी पुष्टि हुई कि गोली देसी पिस्टल से चली थी।
दूल्हे पर भी लगे आरोप, पुलिस ने पकड़े तीन युवक
वीरा के पिता ने दूल्हे को भी आरोपी बनाया है। उनका कहना है कि घटना के दौरान डांस कर रहे ज्यादातर युवक बाहर के थे और सभी मौके से फरार हो गए।
मुंडावर थाना पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी महावीर सिंह शेखावत ने बताया कि केस में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। जांच किशनगढ़बास सीओ लाल सिंह यादव को सौंपी गई है।
परिवार का दर्द—‘वीरा घर की रौनक थी’
वीरा की बुआ ने कहा—
“हमारी बेटी के साथ जो हुआ, उसका न्याय हमें चाहिए। दोषी बचना नहीं चाहिए। अगर कार्रवाई होगी तो कोई भी हथियार लेकर ऐसी हरकत करने से पहले सोचेगा।”
वीरा के दो भाई-बहन हैं और उसके पिता भिवाड़ी के परिवहन विभाग में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी हैं। मंगलवार रात उसे गांव के श्मशान घाट में दफनाया गया।