अलवर: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से फार्म हाउस मैनेजर की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र स्थित धनेटा गांव में बुधवार को रेनवो फार्म हाउस पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। फार्म हाउस के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन से पोल छू जाने के कारण दो युवक करंट की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, सचिन और यूसुफ फार्म हाउस परिसर में विज्ञापन के लिए पोल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पोल अचानक हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे दोनों को तेज करंट लग गया और यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक सचिन के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के साड़ू मनोज सिंह ने फार्म हाउस के मौजूदा ठेकेदार और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सचिन की फारूक, लखेद्र, हक्का और एक अन्य व्यक्ति से विवाद चल रहा था और इसी के चलते उसकी हत्या की गई है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नौगांवा थाना क्षेत्र के सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।