#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर के गोल्डन बाग क्षेत्र में पुरानी रंजिश का खूनी खेल: युवक पर लाठी-डंडों से हमला, जिला अस्पताल में भर्ती…

अरावली विहार थाना क्षेत्र के गोल्डन बाग इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में बंटी शर्मा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़ित बंटी शर्मा ने बताया कि करीब एक साल पहले उसके पिता और पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों में लगातार विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते करीब छह महीने पहले आरोपियों ने उसकी कार में तोड़फोड़ की थी, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बंटी शर्मा ट्रैवलिंग का काम करता है। उसके अनुसार, वह कल काम के सिलसिले में गोल्डन बाग इलाके में मौजूद था। तभी पवन, पीतु और पोणा नामक तीन युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बंटी शर्मा को इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के मुताबिक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

पीड़ित का आरोप है कि समय रहते पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण आरोपियों के हौसले बढ़े और यह गंभीर घटना हुई। बंटी शर्मा और उसके परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल अरावली विहार थाना पुलिस पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *