घाटला पड़ीसल पुलिया से गिरने पर किसान की मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा…
अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में घाटला पड़ीसल पुलिया से नीचे गिरने पर एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची विजय मंदिर थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
मृतक के भतीजे दिनेश यादव ने बताया कि मृतक विक्रम, निवासी दिलावरपुर, किसी काम से बाहर गया हुआ था। लौटते समय वह पैदल आ रहा था, इसी दौरान घाटला पड़ीसल पुलिया से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिनेश ने बताया कि विक्रम खेती-बाड़ी का कार्य करता था। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विजय मंदिर थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।