#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर उद्योग नगर फैक्ट्री हादसा: कर्मचारी की गिरकर मौत, मुआवजे को लेकर परिजनों का हंगामा…

अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक केमिकल पाउडर फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी की गिरने से मौत का मामला सामने आया है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर प्यारेलाल की ड्यूटी के दौरान गिरने से मौत हो गई। मृतक बिहार के नवादा जिले का निवासी था और लंबे समय से अलवर की एक केमिकल पाउडर फैक्ट्री में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्यारेलाल फैक्ट्री परिसर में पैनल पर चढ़कर क्रेशर में पत्थर डाल रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल ईएसआईसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए और फैक्ट्री प्रबंधन से 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 50 हजार रुपये देने की बात कही गई, लेकिन परिजन इस पर राजी नहीं हुए।

दूसरी ओर फैक्ट्री मालिक अश्वनी गुप्ता ने हादसे को अलग बताया है। उनका कहना है कि मृतक फैक्ट्री में सीढ़ी लगाकर कबूतर पकड़ रहा था, तभी सीढ़ी असंतुलित हो गई और वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसा ड्यूटी के दौरान हुआ या निजी कार्य के दौरान—इस बिंदु पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *