#देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में 26 ई-रिक्शा जब्त, 530 का रजिस्ट्रेशन निरस्त; बिना फिटनेस संचालन पर सख्त कार्रवाई….

अलवर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में अलवर में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बिना वैध फिटनेस और रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं के खिलाफ कार्रवाई की।

यातायात प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस अवधि समाप्त होने के कारण करीब 530 ई-रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन निरस्त किया जा चुका है। इसके बावजूद कई वाहन सड़कों पर चलते पाए गए। अभियान के दौरान ऐसे 26 ई-रिक्शाओं को जब्त किया गया।

उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस और वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा होता है।

यातायात प्रभारी ने ई-रिक्शा संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की फिटनेस समय पर करवाएं और आवश्यक दस्तावेज पूरे कर रजिस्ट्रेशन बहाल कराएं, ताकि भविष्य में कार्रवाई से बचा जा सके।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *