#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में ई-रिक्शा चालक ने सड़क किनारे फांसी लगाकर दी जान, महिला से कहासुनी के बाद उठाया कदम…

अलवर। शहर के अलवर के स्कीम नंबर-4 क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा पर चुन्नी का फंदा बनाकर 21 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फूटीखेल निवासी शिवा (21) के रूप में हुई है, जो पेशे से ई-रिक्शा चालक था। घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।

महिला से विवाद के बाद लगाया फंदा

कोतवाली थाने के एएसआई रोहिताश ने बताया कि शिवा एक महिला के साथ घर की ओर जा रहा था। रास्ते में उसने शराब पी ली, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान महिला कुछ दूरी पर आगे निकल गई। इसी बीच शिवा ने सड़क किनारे खड़े अपने ई-रिक्शा के ऊपर लगे एंगल में चुन्नी बांधकर फंदा बना लिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने जताया संदेह

मृतक के बड़े भाई राहुल ने संबंधित महिला पर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। शिवा दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *