अलवर जिला अस्पताल के बाहर देर रात युवकों का तांडव, पुलिस चौकी के सामने जमकर चले लात-घूंसे; आरोपी फरार…
अलवर जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अलग-अलग कारों में सवार होकर आए युवकों ने सड़क पर एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक खुलेआम हाईवोल्टेज ड्रामा करते नजर आ रहे हैं।
यह घटना शहर के गौरव पथ पर स्थित जिला अस्पताल के बाहर हुई, जहां अस्पताल परिसर में ही पुलिस चौकी संचालित है। इसके बावजूद युवकों के हंगामे के दौरान मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। मारपीट के दौरान एक युवक की शर्ट फट गई, जबकि एक युवक अर्धनग्न हालत में दूसरे पर लात-घूंसे चलाता दिखाई दिया।
देखते ही देखते मौके पर 15 से 20 लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक धक्का-मुक्की चलती रही। इसके बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही आरोपियों की तत्काल पहचान हो सकी।
कोतवाली थाना प्रभारी रमेशचंद ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि युवकों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।