अलवर 04 दिसम्बर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज सामान्य चिकित्सालय व बस स्टैंड का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।…
जिला कलक्टर ने सामान्य चिकित्सालय में पर्ची काउंटर, दवा वितरण विंडो, महिला व पुरुष सर्जिकल वार्ड, सर्जिकल आईसीयू, ट्रोमा सेंटर, आईएमएस टेस्ट रूम व शौचालयों के साथ निर्माणाधीन 100 बेडेड वार्ड व 100 बेडेड क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि अस्पताल को मरीज फ्रेंडली बनाने की दिशा में कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिये कि सर्दी के मौसम के मद्देनजर मरीजों के लिए पर्याप्त गर्म कंबल, हीटर, गर्म पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिये कि निर्माणाधीन 100 बेडेड सीसीयू व 100 बेडेड वार्ड के कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने पीएमओ को निर्देश दिये कि कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण के साथ ही कार्य कराया जावे। निरीक्षण के दौरान पोस्ट सर्जिकल वार्ड के बाहर गैलरी में सीमेंट के कट्टे रखे हुए मिलने पर उन्होंने तुरन्त शिफ्ट करने के निर्देश दिये। साथ निर्देश दिये कि चिकित्सालय के शौचालय सहित पूरे परिसर में साफ-सफाई में सुधार को और अच्छे स्तर पर ले जाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्था का फीडबैक लिया। मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओ की सराहना की।
बस स्टैंड का किया औचक निरीक्षण
जिला कलक्टर ने अलवर आगार की प्रबंधक को बस स्टैंड के औचक निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, ख़राब व गंदे डस्टबीन चेंज करने, यात्रियों के लिए वोटिंग रूम की व्यवस्था को दुरस्त करने, महिला यात्रियों के लिए एक वोटिंग रूम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि शिशु एवं महिला गृह की देखभाल एवं सुरक्षा हेतु सुरक्षा गार्ड एवं कार्मिकों की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस दौरान पीएमओ डॉ. सुनील चौहान, पीडब्ल्यूडी की अधिशासी अभियन्ता श्रीमती अलका व्यास, आरएसआरडीसी के अधिशासी अभियन्ता श्री सतीश कुमार, अलवर आगार की प्रबंधक श्रीमती सपना मीणा, पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियन्ता श्री सौरभ अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।