डहरा पेट्रोल पंप से 22 चक्का ट्रेलर का अगला हिस्सा चोरी, CCTV में कैद वारदात…
अलवर जिले के विजय मंदिर थाना क्षेत्र स्थित डहरा पेट्रोल पंप से देर रात 22 चक्का ट्रेलर चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार पहले एक बाइक और कार में सवार कुछ युवक पेट्रोल पंप के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते और रेकी करते नजर आए। इसके बाद रात करीब 2 बजे आरोपी ट्रेलर के पीछे लगी ट्रॉली को वहीं छोड़कर ट्रक का अगला हिस्सा (घोड़ा) लेकर फरार हो गए। ट्रेलर में जीपीएस सिस्टम भी लगा हुआ था।
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वाहन मालिक जाकिर खान जब पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ट्रेलर का अगला हिस्सा गायब है, जबकि ट्रॉली वहीं खड़ी है। इसके बाद उन्होंने आसपास जानकारी जुटाई और पुलिस को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था, लेकिन पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
जाकिर खान ने बताया कि तीन दिन पहले वह ट्रेलर को पेट्रोल पंप पर खड़ा कर अपने गांव चले गए थे, क्योंकि परिवार के एक सदस्य का एक्सीडेंट हो गया था। दो दिन गांव में रुकने के बाद जब वह तीसरे दिन लौटे तो ट्रेलर चोरी हो चुका था।
जीपीएस ट्रैकिंग के जरिए जांच करने पर ट्रेलर की आखिरी लोकेशन हरियाणा के भादस गांव में मिली, जिसके बाद उसका सिग्नल बंद हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर के अगला हिस्से की तलाश जारी है।