अलवर: संविदा कर्मचारियों का पैदल मार्च, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जताया विरोध
अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में कार्यरत संविदा प्लेसमेंट संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पैदल मार्च निकाला। यह मार्च चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारी यश जोशी ने बताया कि प्रशासन द्वारा अब तक न्यूनतम मजदूरी दर में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने कहा कि “समान कार्य के लिए समान वेतन” की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन इस पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इसके अलावा, राज्य स्तर पर राजकीय संस्था का गठन कर ठेका व प्लेसमेंट कर्मचारियों को उसमें शामिल करने का आश्वासन भी अब तक पूरा नहीं हुआ है। समिति ने आगामी सरकारी भर्तियों में प्लेसमेंट एजेंसी कर्मचारियों को मेरिट बोनस देने की मांग दोहराई।
कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से लगातार सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है।