#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर सेंट्रल जेल में गश्त के दौरान मोबाइल व डेटा केबल बरामद, कारागार अधिनियम के तहत मामला दर्ज

अलवर सेंट्रल जेल में रात्रि गश्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता के बीच मोबाइल फोन और डेटा केबल बरामद की गई। घटना उस समय सामने आई जब जेल के वार्ड नंबर-8 और वार्ड नंबर-9 के बीच स्थित मंदिर के ऊपर किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई दी।

सूचना पर हल्का नंबर-02 प्रभारी मनोज शर्मा सहित ड्यूटी स्टाफ मौके पर पहुंचा और टॉर्च की रोशनी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वार्ड नंबर-9 के सामने मंदिर के ऊपर मिट्टी के रंग का एक संदिग्ध लावारिस पैकेट मिला। पैकेट को मौके पर सील कर दिया गया। बाद में रात्रि गश्त अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा और पवन डूकिया भी मौके पर पहुंचे।

पैकेट की सूचना जेल अधीक्षक को दी गई, जिनके निर्देश पर पैकेट खोलकर जांच की गई। जांच में एक कीपैड मोबाइल फोन (बिना सिम, बैटरी सहित) और दो सफेद रंग की डेटा केबल बरामद हुईं। मोबाइल के दो IMEI नंबर भी दर्ज किए गए तथा पूरी कार्रवाई का वीडियो रिकॉर्ड किया गया।

बरामद सामग्री को जब्त कर सफेद कपड़े की थैली में पैक कर ‘पैकेट मार्क-ए’ अंकित करते हुए सील किया गया। इस संबंध में केंद्रीय कारागृह अधीक्षक की ओर से पुलिस थाना कोतवाली, अलवर को रिपोर्ट भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में कारागार (संशोधन) अधिनियम 2015 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सील पैकेट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है और मामले की जांच एएसआई विजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *