#एजुकेशन #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में सीबीएसई 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू: 11,841 छात्र परीक्षा में शामिल, पहले दिन गणित रहा चुनौतीपूर्ण

अलवर | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Central Board of Secondary Education) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गईं। पुराने अलवर जिले में कुल 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिलेभर में 12वीं के 5,292 और 10वीं के 6,549 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इस तरह दोनों कक्षाओं के कुल 11,841 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।

अलवर शहर में 7 केंद्रों पर 12वीं के 2,130 और 10वीं के 2,580 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहले दिन कक्षा 10वीं के लिए गणित (स्टैंडर्ड व बेसिक) और कक्षा 12वीं के लिए बायोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप, संस्कृत ऑप्शनल व स्टेनोग्राफी जैसे विषयों की परीक्षाएं आयोजित हुईं। परीक्षा देकर निकले कई छात्रों ने बताया कि 10वीं का गणित पेपर अपेक्षाकृत कठिन रहा, कुछ सवालों में समय ज्यादा लगने से अंतिम प्रश्न जल्दबाजी में करने पड़े।

जिला समन्वयक प्रदीप तोमर ने बताया कि परीक्षा में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड पर स्कूल की मोहर और प्रिंसिपल के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं। बिना स्टैंप व साइन वाला एडमिट कार्ड मान्य नहीं होगा। नियमित विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म में ही केंद्र पर पहुंचना होगा, जबकि प्राइवेट कैंडिडेट्स को हल्के रंग के कपड़े पहनकर आने की अनुमति दी गई है।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन जांच की जा रही है और निर्धारित समय पर ही प्रवेश दिया जा रहा है। नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े जाने पर संबंधित छात्र को दो वर्ष तक बोर्ड परीक्षा से वंचित किया जाएगा और अगले वर्ष की कंपार्टमेंट परीक्षा देने की भी अनुमति नहीं मिलेगी।

बोर्ड की जारी डेटशीट के अनुसार कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 7 मार्च तक और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 23 मार्च तक चलेंगी। शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *