अलवर में बुजुर्ग दुकानदार पर जानलेवा हमला, 20 हजार की लूट; पुराने हत्या मामले में राजीनामे का दबाव बना रहा था आरोपी पक्ष
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के खेड़ली सैय्यद इलाके में सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे कार सवार बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने बुजुर्ग को दुकान से बाहर घसीटकर लाठियों से सिर पर वार किए और जाते-जाते गल्ले से 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घायल बुजुर्ग चंदन के बेटे बाबूलाल ने बताया कि घटना के वक्त उनके पिता दुकान पर अकेले थे। इसी दौरान मनीष पुत्र लेखराज अपने चार साथियों के साथ कार से वहां पहुंचा। कार से उतरे तीन युवकों ने दुकान में घुसकर बुजुर्ग का कॉलर पकड़ा और उन्हें घसीटते हुए सड़क पर ले आए। वहां बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर लाठियों से हमला किया।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई नमोनारायण ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़िता की बेटी काजल ने बताया कि उसके भाई महादेव की 27 दिसंबर 2021 को पानी के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस दौरान अलवर सहित जयपुर में इलाज चला, लेकिन महादेव की जान नहीं बच सकी। बड़ी मशक्कत के बाद मामला दर्ज हुआ और कुछ आरोपी गिरफ्तार हुए, जो फिलहाल जमानत पर हैं। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
काजल का आरोप है कि हाल ही में आरोपी मनीष उनके घर आया था और उनके पिता पर हत्या के मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा था। मनीष के पिता लेखराज ने भी समझौते के लिए दबाव डाला था। परिजनों का आरोप है कि राजीनामा नहीं करने पर ही इस हमले को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।