अलवर: रघुनाथगढ़ तेलियावास में जमीन विवाद पर खूनी संघर्ष, रफीक खान की गोली लगने से मौत…
अलवर जिले के नौगावा थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथगढ़ तेलियावास कॉलोनी में मंगलवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच अचानक लाठी-डंडे, फरसे और बंदूकें चल गईं। इसी दौरान रफीक खान को सिर में गोली लगी। उसे पहले निजी अस्पताल ले जाया गया और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने रफीक को मृत घोषित कर दिया।
रफीक खान ड्राइवर था और चार बच्चों का पिता था। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। इस हमले में तीन महिलाओं सहित करीब छह लोग और घायल हुए हैं, जिन्हें नौगावा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार आरोपी पक्ष—सुपेदा, रोशन, फजरू और सुलेमान के परिवार—ने हमला किया। विवाद सुब्बा की लगभग 8 बीघा जमीन में से आरोपियों के हिस्से की करीब दो बिस्वा जमीन को लेकर बताया जा रहा है। आरोपियों की बीच से रास्ते की मांग को पीड़ित पक्ष ने इसलिए अस्वीकार किया कि इससे पूरी जमीन का नक्शा बिगड़ जाएगा।
मृतक के परिजन शहरून खान का कहना है कि आरोपी करीब 50–60 लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के हमला बोल दिया। उनका दावा है कि झगड़ा लगभग दो घंटे तक चला। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक कंट्रोल रूम और थाने में कई बार फोन करने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
फिलहाल रफीक का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। कोतवाली और NEB थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंच चुकी है। दूसरे पक्ष के करीब चार घायल भी जिला अस्पताल में भर्ती हैं। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति न बिगड़े।
परिजन बोले — “हमने बार-बार पुलिस को फोन किया, लेकिन कोई नहीं आया। आरोपी बड़ी संख्या में पहुंचे और सीधे फायरिंग कर दी। अगर समय पर पुलिस आ जाती तो रफीक बच सकता था।”