अलवर में 5 सेकंड में बाइक चोरी, शोरूम के बाहर CCTV में कैद हुई पूरी वारदात…
अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जेएस फोर व्हील्स शोरूम के मुख्य गेट के पास खड़ी बाइक को एक अज्ञात चोर महज 5 सेकंड में लॉक तोड़कर स्टार्ट कर फरार हो गया। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि चोर पहले कुछ देर दूरी पर खड़े होकर बाइक की रेकी करता है और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद अचानक बाइक के पास पहुंचता है। इसके बाद वह बेहद तेजी से लॉक तोड़ता है और बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो जाता है। हैरानी की बात यह है कि शोरूम का गार्ड करीब 20 मीटर की दूरी पर मौजूद था, इसके बावजूद चोर को रोकने की कोई कोशिश नहीं हो सकी।
पीड़ित सलेम खान निवासी गांव इच्छाका, किशनगढ़ बास ने बताया कि वह 6 फरवरी को दोपहर करीब डेढ़ बजे अलवर स्थित जेएस फोर व्हील्स शोरूम में नई बोलेरो कार खरीदने के लिए आया था। उसने अपनी स्प्लेंडर बाइक शोरूम के गेट के पास अन्य बाइकों के साथ खड़ी की और शोरूम के अंदर चला गया। कुछ समय बाद बाहर लौटने पर उसकी बाइक गायब मिली।
घटना के बाद शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी करता हुआ दिखाई दिया। पीड़ित ने बताया कि बाइक उसने पिछले साल ही खरीदी थी। इसके बाद उसने वैशाली नगर थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कराया।