#देश दुनिया #राज्य-शहर

खेत में कीटनाशक का छिड़काव बना जानलेवा, जहरीली दवा की चपेट में आकर युवक की मौत…

अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बगड़ राजपूत में रविवार को खेतों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय जहरीली दवा के प्रभाव से एक युवक की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक की लहर फैल गई है।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय भीम सिंह पुत्र मोहनलाल जाटव के रूप में हुई है। भीम सिंह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार रविवार को वह अपने खेत में फसलों पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान अचानक जहरीली दवा का असर होने से उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। हालांकि, रविवार रात उपचार के दौरान भीम सिंह ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना मिलने पर बगड़ तिराहा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *