हरिद्वार अस्थि विसर्जन गए परिवार के सूने मकान में चोरी, 60 हजार नकद और कपड़े ले उड़े चोर…
अलवर शहर के अखेपुरा मोहल्ले में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पत्नी की मौत के बाद अस्थियां विसर्जित करने के लिए पूरा परिवार हरिद्वार गया हुआ था। इसी दौरान सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने पीछे के रास्ते से घर में घुसकर ताला तोड़ दिया और अलमारी से करीब 60 हजार रुपए नकद व कपड़े चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित सोहनलाल वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी गुड्डी देवी का हाल ही में निधन हो गया था। परिवार के सभी सदस्य हरिद्वार अस्थि विसर्जन के लिए गए हुए थे। रात के समय चोर मकान में घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे पैसे और कपड़े ले गए।
पड़ोस में रहने वाली बहन ने रात में संदिग्ध आहट सुनकर “चोर-चोर” कहकर शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना रात करीब एक बजे पुलिस को दी गई। पड़ोसियों से फोन पर जानकारी मिलने के बाद जब परिवार घर लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई मिली।
घटना के बाद अखेपुरा थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित सोहनलाल ने बताया“पत्नी की अस्थियां विसर्जित करने पूरा परिवार हरिद्वार गया था। लौटकर आए तो घर का ताला टूटा मिला। अलमारी से 60 हजार रुपए और कपड़े चोरी हो चुके थे। पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग है।”