#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में संदिग्ध हालात में 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस…..

अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत तिजारा पुलिया के समीप रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार शाम स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में युवक को पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया।

मृतक की पहचान पवन पुत्र रोशन लाल, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर के रूप में हुई है। पवन की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। शिवाजी पार्क थाना के हेड कांस्टेबल महेश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

मृतक के भाई पिंटू ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि पवन रविवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। पिंटू का आरोप है कि पवन के पास कुछ लोग पैसे मांगने आए थे, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में था। सोमवार शाम पुलिस द्वारा पवन की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए और मामले की गहराई से जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *