अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, आरटीओ ऑफिस के पास हुआ हादसा
अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में पुराने आरटीओ ऑफिस के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एडवोकेट महेंद्र चौधरी ने बताया कि प्रदीप शर्मा आरटीओ ऑफिस में एजेंट के रूप में कार्यरत था और अपने तथा अपनी मां का पालन-पोषण करता था। वह गुरुवार सुबह रोजाना की तरह घर से काम पर निकला था। इसी दौरान पुराने आरटीओ ऑफिस के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि प्रदीप शर्मा का करीब एक साल पहले पत्नी से तलाक हो चुका था, जिसके बाद वह अपनी मां के साथ रह रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।