AI समिट में सुरक्षा में सेंध, यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन बना विवाद का कारण भारत मंडपम में हंगामा, शर्ट उतारकर किया विरोध…..
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूथ कांग्रेस से जुड़े कुछ कार्यकर्ता सुरक्षा घेरे को तोड़कर कार्यक्रम स्थल के भीतर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने अचानक नारेबाजी शुरू कर दी और अपने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया।
दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शन में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार कुल करीब दस लोग प्रदर्शन में शामिल थे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
केंद्रीय मंत्रियों की तीखी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। वहीं, अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन वैश्विक मंच पर भारत की उपलब्धियों पर अनावश्यक विवाद खड़ा करते हैं। दोनों मंत्रियों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए राजनीति से ऊपर उठकर ऐसे आयोजनों की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
पुलिस को साजिश की आशंका, जांच तेज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह केवल सामान्य विरोध नहीं हो सकता। प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद कानूनी सहायता का पहुंच जाना और राजनीतिक बयानबाजी का तेज हो जाना, किसी पूर्व नियोजित योजना की ओर संकेत कर रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि सुरक्षा घेरे को तोड़कर आयोजन स्थल तक पहुंचने में उन्हें किस तरह की मदद मिली।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान इस तरह की घटना से आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे वैश्विक आयोजनों में सुरक्षा मानकों को और कड़ा करने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।