खैरथल-तिजारा में एसीबी की कार्रवाई: कृषि पर्यवेक्षक 1000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
खैरथल-तिजारा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सिहाली खुर्द में तैनात कृषि पर्यवेक्षक रामस्वरूप को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जयपुर स्थित एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भिवाड़ी द्वारा की गई।
परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसने अपने और परिवार के सदस्यों के लिए फव्वारा पाइपलाइन योजना के तहत राजस्थान किसान पोर्टल पर आवेदन किया था। आवेदन को स्वीकृत कराने के बदले कृषि पर्यवेक्षक रामस्वरूप ने पहले ही 2000 रुपये फोन-पे के माध्यम से ले लिए थे और इसके बाद 2500 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी ने 500 रुपये की मांग की पुष्टि कराई और शेष राशि लेते समय 1000 रुपये रिश्वत लेते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।