मालाखेड़ा में युवक ने जहर खाकर दी जान, इलाज के दौरान अस्पताल में मौत
अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बंदीपूरा गांव में एक युवक द्वारा जहरीली दवा का सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय जमशेद खान पुत्र निवाजा खान के रूप में हुई है, जो गांव में ही रिपेयरिंग का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को अज्ञात कारणों के चलते जमशेद खान ने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अलवर के सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में एक छोटा बेटा है और वह घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर मालाखेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।