अलवर जिले के उमरैण थाना क्षेत्र में बुधवार को जीएसएस ग्रिड सब स्टेशन पर एक गंभीर हादसा हो गया। यहां काम कर रहे 20 वर्षीय युवक महेंद्र को अचानक करंट लग गया…
जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। जानकारी के अनुसार, महेंद्र ठेकेदार के अधीन कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि मेंटेनेंस कार्य के दौरान बिजली सप्लाई बंद रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते अचानक करंट चालू कर दिया गया। उसी दौरान लोहे का सरिया बिजली के तार से छू गया और महेंद्र तेज करंट की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। साथी मजदूरों और परिजनों ने घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल अलवर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर झुलसे हुए हैं।
महेंद्र के चाचा मिट्ठू ने आरोप लगाया कि यह हादसा ठेकेदार की घोर लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद बिना सूचना के बिजली चालू कर दी गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। परिजनों ने प्रशासन से ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर बिजली विभाग और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी मजदूरों की जिंदगी के लिए खतरा बन रही है।