अलवर में फ्रूट दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान; साजिश की आशंका
अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र स्थित भवानी तोप इलाके में देर रात एक फ्रूट की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा और तुरंत इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे। वहीं, दमकल विभाग की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार आगजनी में करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित दुकानदार मोहन लाल सोनी ने घटना को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि किसी ने जानबूझकर दुकान में आग लगाई है।
वहीं, शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी बताया जा रहा है। सूचना पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।