#देश दुनिया #मनोरंजन #राज्य-शहर

अलवर में नए मतदाताओं को जोड़ने की बड़ी पहल, दिसंबर से जनवरी तक लगेंगे विशेष कलस्टर कैंप

मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से अलवर विधानसभा क्षेत्र में नव मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष कलस्टर कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के तहत यह अभियान दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक विभिन्न चरणों में चलेगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों, ट्रांसजेंडर और वंचित वर्गों को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।


विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत व्यापक अभियान

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी (ACEOM) अलवर शहर अरविंद कविया ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना है। इसके तहत विधानसभा अलवर शहर क्षेत्र में अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए विशेष कलस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे।


22 और 23 दिसंबर को कॉलेज व स्कूलों में कैंप

नव मतदाताओं, विशेषकर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं के नाम जोड़ने के लिए 22 एवं 23 दिसंबर को विधानसभा क्षेत्र के सभी राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विशेष पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में छात्र-छात्राएं सीधे आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे।


दिव्यांग मतदाताओं के लिए 29 दिसंबर को विशेष आयोजन

29 दिसंबर को श्री चंद्रप्रभु विकलांग कल्याण समिति, अंबेडकर नगर तथा विधानसभा अलवर शहर के समस्त मतदाता जागरूकता क्लबों में विशेष योग्यजन (दिव्यांग) नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसमें दिव्यांग मतदाताओं को पंजीकरण प्रक्रिया में विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


ट्रांसजेंडर और वंचित वर्गों के लिए 6 जनवरी को कैंप

6 जनवरी 2026 को ट्रांसजेंडर समुदाय के मतदाता पंजीकरण हेतु ठाकुर दुर्गपाल बीएड कॉलेज में विशेष कैंप लगाया जाएगा। वहीं, पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) और डिनोटिफाइड नागरिकों के लिए गुरूरामदास सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अग्रसेन सर्किल तथा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, देवखेड़ा में पंजीकरण किया जाएगा।


महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

10 जनवरी 2026 को जेंडर रेशियो सुधारने और महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कलस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान महिलाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।


प्रशासन की अपील – लोकतंत्र को मजबूत बनाने में करें सहयोग

निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित कैंपों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *