दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित 4 गंभीर घायल…
देर रात दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मध्यप्रदेश कांग्रेस के नेता रैली से लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। यह हादसा एक्सप्रेसवे पर इंदपुर के पास हुआ, जब तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर पुलिया के डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष मांगेलाल फौजी सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी नेता दिल्ली से मध्यप्रदेश के श्योपुर लौट रहे थे और दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे से होकर यात्रा कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक संतुलन बिगड़ने से कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत बड़ौदामेव सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल घायलों का जयपुर में इलाज जारी है, जबकि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।