घर के बाहर गेट से निकलते ही चार साल की बच्ची पर आवारा कुत्ते का हमला, कान–गाल–सिर पर गंभीर चोटें
भरतपुर के कैथवाड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर के बाहर गेट से बाहर निकल रही चार साल की बालिका पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के कान, गाल और सिर को बुरी तरह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही चीखने लगी।
परिजनों के पहुंचते ही कुत्ता भागा
बच्ची की चीख सुनकर परिजन दौड़े और उन्हें देखते ही कुत्ता घायल बच्ची को वहीं छोड़कर भाग गया। परिजनों ने तुरंत बच्ची को सीकरी अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत देख अलवर जिला अस्पताल रैफर
सीकरी अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद बच्ची की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे अलवर जिला अस्पताल रैफर कर दिया।
जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में डॉक्टरों ने सिर, गाल और कान की गहरी चोटों को देखते हुए करीब पांच टांके लगाए। उपचार के बाद बच्ची की हालत में थोड़ी सुधार आया है।
मां का दर्द—“मेरी बेटी बाहर निकल ही रही थी कि अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया”
घायल बच्ची की मां अपसीना ने बताया—“मेरी बेटी मोनिस्टा घर के गेट से बाहर निकल रही थी तभी अचानक एक आवारा कुत्ता आ गया और उस पर टूट पड़ा। उसने बेटी के गाल, सिर और कान को बुरी तरह काट लिया। हम चीख सुनकर बाहर भागे तो कुत्ता भाग गया।”
बच्ची अलवर अस्पताल में भर्ती, उपचार जारी
फिलहाल बच्ची को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती रखा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।