अलवर में अत्यधिक शराब सेवन से 35 वर्षीय युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अलवर के अखेपुरा थाना क्षेत्र के नवाबपूरा मोहल्ले में अत्यधिक शराब सेवन के चलते 35 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार नवाबपूरा निवासी कन्हैया लाल पुत्र गोपाल कोली लंबे समय से शराब का आदी था।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर उसने जरूरत से ज्यादा शराब का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल घर लेकर आए, लेकिन हालत गंभीर होने पर राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अविवाहित था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।