#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर के चोरोटी गांव में 27 वर्षीय महिला की मौत, पिहरवालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप; CCTV आया सामने

अलवर शहर के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के चोरोटी गांव में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिहरवालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। वहीं घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है , पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों ने बताया मृतका निक्की की शादी वर्ष 2021 में चोरोटी निवासी मनोज से हुई थी। निक्की की बहन प्रियंका की शादी भी इसी परिवार में हुई है। मृतका के चाचा साधु राम ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दोनों बहनों को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष की ओर से ट्रैक्टर की मांग की जा रही थी और मांग पूरी न होने पर मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों ने निक्की की मौत को दहेज हत्या करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं ससुराल पक्ष से चाचा ससुर दीपचंद ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि परिवार की ओर से महिला को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया और जो भी सच्चाई है, वह पुलिस जांच के बाद सामने आ जाएगी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए इसे हादसा बताया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के सीओ पिंटू कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया गया है। सीओ पिंटू कुमार के अनुसार, परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी फुटेज सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *