शहरी समस्या समाधान शिविर का मंत्री संजय शर्मा ने किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यूआईटी और नगर निगम में आयोजित शहरी समस्या समाधान शिविर का शनिवार को वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। शिविर के नाम पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर मंत्री खासे नाराज नजर आए और अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
यूआईटी परिसर में शिविर कमरों के भीतर चलता मिलने पर मंत्री ने असंतोष जताया। निरीक्षण के दौरान एक परिवादी द्वारा पट्टा जारी होने में हो रही देरी की शिकायत करने पर आवंटन शाखा के कार्मिक गोपाल सैन द्वारा उसे धमकाने का मामला सामने आया, जिससे यूआईटी में कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई। मंत्री ने तत्काल शिविर प्रभारी एवं एलएओ जितेंद्र सिंह नरूका को संबंधित कार्मिक को नोटिस जारी करने और शिविर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यूआईटी कार्मिकों द्वारा आमजन के कार्य लटकाने की स्थिति भी उजागर हुई। एक परिवादी ने मंत्री को बताया कि उसे कई महीनों से पट्टा नहीं मिला है। मंत्री द्वारा आश्वासन देने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़े, उसी दौरान कार्मिक गोपाल सैन ने परिवादी को शिकायत करने पर धमकाया। यह सुनकर मंत्री ने कार्मिक को कड़ी फटकार लगाई और वर्षों से यूआईटी में जमे उसके सेवा रिकॉर्ड की जांच कर नोटिस देने के निर्देश दिए। इसके बाद शाम को एलएओ ने आमजन से शालीन व्यवहार न करने और आवंटित कार्य समय सीमा में पूर्ण न करने पर कार्मिक को नोटिस जारी किया।
नगर निगम निरीक्षण के बाद करीब दोपहर 2:15 बजे यूआईटी पहुंचे मंत्री को कई अधिकारी और कर्मचारी अपने कमरों में नहीं मिले। शिविर के बावजूद लोग सामान्य दिनों की तरह कर्मचारियों के कमरों के चक्कर लगाते दिखे। इस पर मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि शिविर आयोजन का उद्देश्य यही है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध रहें, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।