देसूला में कब्रिस्तान भूमि विवाद पर गरमाया माहौल, मुस्लिम महासभा का मिनी सचिवालय पर प्रदर्शन…
अलवर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत देसूला गांव में जमीन विवाद को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों को लेकर शुक्रवार को मुस्लिम महासभा के पदाधिकारी और समाज के लोग मिनी सचिवालय पहुंचे। जहां मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई।
मुस्लिम महासभा के जिला अध्यक्ष राहुल खान ने आरोप लगाया कि देसूला गांव में खातेदारी की करीब पौने तीन बीघा भूमि कब्रिस्तान के नाम दर्ज है, जिस पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एससी समाज के कुछ लोगों द्वारा उक्त भूमि पर कब्जे की कोशिश की जा रही है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
राहुल खान ने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पटवारी को मौके पर भेजकर भूमि का सीमांकन कराया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान की भूमि धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है और उस पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम महासभा के सदस्यों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।