नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी कार्रवाई के विरोध में अलवर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला दहन
अलवर में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी द्वारा हाल ही में दाखिल की गई चार्जशीट को दिल्ली की अदालत ने खारिज कर दिया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि बिना ठोस सबूतों के कांग्रेस नेताओं को परेशान किया जा रहा था। गंगावत ने कहा कि पुतला दहन के माध्यम से सरकार को यह संदेश दिया गया है कि जनता संविधान के खिलाफ हो रही कार्रवाइयों को बर्दाश्त नहीं करेगी और समय आने पर इसका जवाब देगी।
वहीं अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शाहन खान ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का राजनीतिक दुरुपयोग कर रही है। अदालत के फैसले से यह साबित हो गया है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया गया। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया, ताकि आम जनता को संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग की सच्चाई से अवगत कराया जा सके।
करीब आधे घंटे तक शहर के नंगली सर्किल पर चले इस प्रदर्शन में अलवर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दिनबंधु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।