अलवर में करंट हादसे: लाइनमैन और महिला झुलसे, विद्युत लापरवाही पर सवाल…
अलवर जिले में बुधवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में विद्युत करंट की चपेट में आने से एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलवर रैफर किया गया है।
पहली घटना तिजारा क्षेत्र के खरेलपुरी गांव की है। यहां 45 वर्षीय प्रकाश जाट, जो बिजली विभाग में ठेकेदार के अधीन लाइनमैन के रूप में कार्यरत हैं, 11 हजार केवी लाइन का मेंटेनेंस कर रहे थे। जानकारी के अनुसार लाइन पर शटडाउन लिया गया था, लेकिन इसी दौरान किसी कर्मचारी की लापरवाही से विद्युत सप्लाई दोबारा शुरू हो गई। अचानक करंट आने से प्रकाश जाट बुरी तरह झुलस गए। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर अलवर रैफर कर दिया गया।
वहीं दूसरी घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के आलापुर गांव की है। गांव निवासी 60 वर्षीय फूली देवी पत्नी बनवारी प्रजापत घर में रोजमर्रा का काम कर रही थीं। इसी दौरान वे अचानक खुले बिजली के तारों के संपर्क में आ गईं, जिससे करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उनका बर्न वार्ड में उपचार जारी है।
दोनों ही घटनाओं ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और संबंधित विद्युत विभाग द्वारा मामलों की जांच की जा रही है।